किसका है Strait of Hormuz? ट्रंप के 'टोटल कंट्रोल' वाले दावे को ईरान ने किया खारिज, कहा- 'हॉर्मुज हमारे नियंत्रण में'
Strait of Hormuz को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है। डोनाल्ड ट्रंप के हॉर्मुज पर 'पूर्ण नियंत्रण' के दावे को ईरान ने खारिज करते हुए कहा है कि जलडमरूमध्य अब भी ईरान के प्रबंधन और नियंत्रण में है।

Strait of Hormuz को लेकर अमेरिका और ईरान एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर 'पूर्ण नियंत्रण' होने के दावे को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है।
ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि Strait of Hormuz अभी भी ईरान के प्रबंधन और नियंत्रण में है। ईरान के इस बयान के बाद अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है।
ईरान ने ट्रंप के दावे को किया खारिज
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC की बासिज मिलिशिया के प्रमुख हुसैन ताएब ने ईरानी सरकारी टेलीविजन को दिए इंटरव्यू में कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य इस्लामिक रिपब्लिक के प्रबंधन और नियंत्रण में है।
उन्होंने दावा किया कि ईरान पूरी सुरक्षा के साथ आगे बढ़ रहा है और हॉर्मुज को लेकर उसकी स्थिति मजबूत है।
अराघची ने भी अमेरिका पर साधा निशाना
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी ट्रंप के दावे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका के आकलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिकी खुफिया तंत्र पहले भी कई बार गलत आकलन कर चुका है।
अराघची ने ईरान के खिलाफ युद्ध और Strait of Hormuz को लेकर अमेरिकी रुख को भी इसी तरह की गलतफहमी का नतीजा बताया।
किन जहाजों पर पाबंदी?
ईरानी सांसदों का कहना है कि हॉर्मुज से गुजरने को लेकर लगाई गई पाबंदियां सभी देशों के जहाजों पर समान रूप से लागू नहीं हैं।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य बेहनाम सईदी के मुताबिक, खास तौर पर अमेरिका और इजरायल से जुड़े जहाजों को लेकर प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
क्यों महत्वपूर्ण है Strait of Hormuz?
Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है।
दुनिया के तेल और ऊर्जा व्यापार का एक बड़ा हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है। इसलिए हॉर्मुज को लेकर किसी भी तरह का सैन्य तनाव या आवाजाही में बाधा पड़ने से वैश्विक तेल कीमतों और ऊर्जा आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ सकता है।
फिलहाल अमेरिका हॉर्मुज पर अपने नियंत्रण का दावा कर रहा है, जबकि ईरान इसे अपने प्रबंधन और नियंत्रण में बता रहा है। ऐसे में Strait of Hormuz को लेकर दोनों देशों के दावों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है।
