यूपी के 54 हजार आंगनबाड़ी केंद्र होंगे हाईटेक, बच्चों के लिए बनेंगे खास Learning Corner
उत्तर प्रदेश के 54,109 आंगनबाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं के लर्निंग कॉर्नर को बेहतर बनाने के लिए 27.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र को 5,000 रुपये दिए जाएंगे। इस राशि से बच्चों के लिए कहानी-किताबें, स्लेट, अक्षर सेट, पोस्टर, रंगीन कागज, क्रेयॉन, आर्ट और रोल-प्ले से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

यूपी के 54,109 आंगनबाड़ी केंद्रों में बनेगा हाईटेक Learning Corner, बच्चों को खेल-खेल में मिलेगी शिक्षा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं के लर्निंग कॉर्नर को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। प्रदेश के 54,109 आंगनबाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में बच्चों के लिए जरूरी शैक्षणिक और रचनात्मक सामग्री उपलब्ध कराने की योजना है।
27.05 करोड़ रुपये की मिलेगी राशि
लर्निंग कॉर्नर को समृद्ध करने के लिए कुल 27.05 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। प्रत्येक संबंधित केंद्र को 5,000 रुपये की दर से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। यह धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में SNA-स्पर्श पोर्टल के माध्यम से जारी की जाएगी।
किताबों से लेकर आर्ट सामग्री तक
लर्निंग कॉर्नर में बच्चों की उम्र और जरूरत के अनुसार कई तरह की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें चित्र और कहानी की किताबें, स्लेट, इंटरएक्टिव बुकमार्क, साक्षरता से जुड़े पोस्टर और हिंदी-अंग्रेजी अक्षर सेट शामिल हैं।
इसके अलावा बच्चों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ाने के लिए रंगीन कागज और क्रेयॉन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
आर्ट कॉर्नर में भी मिलेगी सामग्री
आंगनबाड़ी केंद्रों में बनाए जाने वाले आर्ट कॉर्नर में बच्चों के लिए फल-सब्जी और जानवरों के प्लास्टिक मोल्ड, क्ले, सफेद कपड़ा और आर्ट शीट जैसी सामग्री रखने की योजना है।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों के जरिए पढ़ाने के बजाय खेल, रचनात्मक गतिविधियों और रोल-प्ले के माध्यम से सीखने का अवसर देना है। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सीखने का माहौल और अधिक आकर्षक बनाने की कोशिश की जाएगी।
